बंजार के तीर्थन घाटी में डिपू से मिला खराब आटे काे दिखाता व्यक्ति।-वीडीओग्रैब
तीर्थन घाटी के उपभोक्ताओं में बढ़ी नाराजगी, सोशल मीडिया में वीडियो भी वायरल
खाद्य आपूर्ति विभाग और सरकार से की आटे में वेस्ट मैटीरियल होने की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। तीर्थन घाटी के राशन डिपुओं में उपभोक्ताओं को गुणवत्ता रहित आटा मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
आटे में वेस्ट मैटीरियल अधिक होने के कारण उपभोक्ताओं ने खाद्य आपूर्ति विभाग और सरकार से शिकायत की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने इस मामले को और तूल दे दिया है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि राशन के डिपुओं में मिलने वाले आटे की गुणवत्ता सही नहीं है। इसमें आटा कम और इससे निकलने वाला वेस्ट मैटीरियल अधिक है। डिपुओं में मिलने वाले आटे की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने सरकार और विभाग के प्रति रोष जताया है।
उपभोक्ताओं के अनुसार इस साल आपदा ने बंजार क्षेत्र में काफी नुकसान पहुंचाया है। क्षेत्र के अधिकतर लोग डिपुओं से ही राशन खरीदते हैं लेकिन डिपुओं में जो आटा दिया गया है, वह खाने लायक नहीं है। घाटी के उपभोक्ता प्रेम सिंह और वीरेंद्र ने कहा कि डिपुओं में मिलने वाले आटे की गुणवत्ता को लेकर अकसर उपभोक्ताओं की शिकायतें रहती हैं। उन्होंने कहा कि डिपो में दिए गए जाने वाला आटा संतोषजनक नहीं है। डिपुओं में सप्लाई होने वाले राशन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। वहीं, सोशल मीडिया पर भी गुणवत्ता रहित डिपो के आटे का वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो तीर्थन घाटी का होने का दावा किया जा रहा है। वायरल वीडियो में व्यक्ति आटा दिखा रहा है। इसकी गुणवत्ता पर लोग कई तरह के सवाल उठा रहे हैं। बहरहाल सोशल मीडिया पर अब कई तरह की चर्चाओं का माहौल है।
एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने कहा कि इस तरह का मामला ध्यान में आया है। उन्होंने कहा कि खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।