क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अब कीमोथैरेपी की सुविधा
कमरा नंबर 108 में कैंसर के मरीजों को दी जाती है सुविधा
स्वास्थ्य खंडों से आए चिकित्सा अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में कीमोथैरेपी का भी प्रावधान है। यह सुविधा कैंसर के मरीजों को दी जाती है। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के कमरा नंबर 108 में डॉ. रीमा घई इसके लिए प्रशिक्षित हैं। जिले के दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले लोग अस्पताल में कीमोथैरेपी करवा सकते हैं। यह बात मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नागराज पवार ने बुधवार को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में जन आरोग्य समिति के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य खंडों के चिकित्सा अधिकारियों, सुपरवाइजर, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, खंड कार्यक्रम अधिकारी आदि को जन आरोग्य समिति का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। जिला स्तर पर प्रशिक्षण हासिल करने के बाद ये सभी प्रशिक्षित होकर जाएंगे। प्रशिक्षण का मकसद सिर्फ सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करना है। विभाग की ओर से सभी को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य 30 सितंबर तक का रखा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जो लोग कैंसर जैसी बीमारी से पीड़ित हैं, वे अन्य अस्पतालों में न जाकर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में पहुंचकर कीमोथैरेपी करवाएं। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में वर्तमान में बाह्य रोगी विभाग में प्रतिदिन 1000 से 1200 मरीज स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने के लिए पहुंच रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में वर्तमान में 36 मेडिकल अधिकारी कार्यरत हैं। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ऊषा शर्मा, डॉ. विकास, आशा कोऑर्डिनेटर जीवन आदि मौजूद रहे।