कुल्लू में सीपीआईएम ने धरना-प्रदर्शन कर जताया रोष
आम आदमी के जीवनयापन पर हो रहे हमले : ओंकार शाद
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय स्थित कुल्लू में मंगलवार को देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ सीपीआईएम के बैनर तले काफी अधिक संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की गई। सरवरी से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक रैली भी निकाली गई।
उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीपीआईएम के प्रदेश सचिव डॉ. ओंकार शाद ने केंद्र में मोदी सरकार की तर्ज पर अब प्रदेश में सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार को उन नीतियों को लागू किया जा रहा है, जिससे अमीरों को तो मुनाफ हो रहा है। जो आम आदमी है, उसके जीवन व जीवनयापन पर लगातार हमले हो रहे हैं। आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। इन नीतियों से उन्हें कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। देश में बेरोजगारी बढ़ रही है। पिछले 50 सालों में बेरोजगारी सबसे अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के वजह से देश भर में महंगाई चरम पर है। शिक्षा व स्वास्थ्य पर बजट जो खर्च होता था, उसे कम किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार का माध्यम मनरेगा था। मनरेगा का बजट कम किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश सरकार भी केंद्र की जन विरोधी नीतियों को लागू कर रही है, जिनमें निजीकरण आदि शामिल हैं। सीपीआईएम इसका विरोध कर रही है। सीपीआईएम मांग करती है कि इसके बदले वैरल्पिक नीतियों को लाया जाए। रोजगार बढ़ाने के साथ ही कृषि क्षेत्र को बढ़ावा दिया जाए। इस दौरान पार्षद राजेश ठाकुर भी मौजूद रहे।