पंचायत ने अब तक 70,000 प्राप्त किया संपत्तिकर
क्यूआर कोड की अनूठी पहल से बढ़ा का राजस्व
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। विकास खंड कुल्लू के तहत आने वाली वाली ग्राम पंचायत दुआड़ा में अनूठी पहल आरंभ की गई है। पंचायत साल 2024-25 में संपत्ति कर क्यूआर कोड से डिजिटल माध्यम से ले रही है। इस पहल से पंचायत का राजस्व कई गुणा बढ़ गया है। साल 2022-23 में महज 7,400 रुपये संपत्ति कर के रूप में पंचायत को राजस्व प्राप्त हुआ था, लेकिन इस बार वर्तमान समय में अब तक संपत्ति कर से प्राप्त राजस्व 70,000 रुपये पहुंच गया है। ग्रामीण ऑनलाइन सुविधा मिलने पर घर बैठे ही संपत्ति कर का भुगतान कर रहे हैं।
बता दें कि ग्राम पंचायत दुआड़़ा के सचिव हीरालाल ने पंचायत खाता का एक क्यूआर कोड तैयार किया है। इस कोड को ग्रामीणों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भेजा है। ग्रामीण भी क्यूआर कोड को स्कैन कर डिजिटली संपत्ति कर का भुगतान मिनटों में कर रहे हैं। इससे उन्हें पंचायत भवन जाने से निजात मिली है और समय की बचत भी हो रही है, लेकिन इसका फायदा सही मायने में पंचायत को हुआ है। संपत्ति जो कुछ हजारों में था, वे अब लाख के पास पहुंचने वाला है। सचिव ने एक एक्सेल शीट भी तैयार की है। इस शीट में पंचायत का सारा रिकॉर्ड अपलोड किया गया है। पंचायत का लेखा-जोखा एक क्लिक पर दिखेगा। इस संबंध में विकास खंड अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि ग्राम पंचायत दुआड़ा सचिव हीरालाल की ओर से तैयार क्यूआर कोड से संपत्ति कर ले रही है, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने विकास खंड नग्गर के पंचायत प्रतिनिधियों और सचिवों को ऑनलाइन तकनीक अपनाने की अपील की है।