इस वर्ष नव वर्ष की संध्या पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विंटर कार्निवाल कमेटी सैलानियों की संध्या को यादगार बनाने जा रही है। सैलानियों के स्वागत के लिए पर्यटन नगरी को दुल्हन की तैयार सजाया गया है। माल रोड मनाली पर गीत संगीत एवं नृत्य का विशेष इंतजाम किया गया है।
एक ओर जहां नव वर्ष की संध्या में प्रदेश के जाने माने 15 गायक अपनी मधुर आवाज से सैलानियों का मनोरंजन करेंगे, वहीं सैलानी कुल्लू की कला और संस्कृति से भी रूबरू होंगे। दिन के समय आठ सौ महिलाएं लालड़ी नृत्य करते हुए कुल्लू की कला और संस्कृति से पर्यटकों को रूबरू करवाएंगी। शरद सुंदरी प्रतियोगिता के साथ-साथ कार्निवाल परेड भी सैलानियों के आकर्षण का केंद्र रहेगी। देश भर की दो दर्जन टीमों सहित घाटी के 60 से अधिक महिला मंडल कार्निवाल परेड की शोभा बढ़ाएंगे। इस बार कार्निवाल कमेटी ने महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करते के लिए केश क्वीन, पारंपरिक वेशभूषा तथा आभूषण प्रतियोगिता समेत रस्साकशी प्रतियोगिता करवाने का भी निर्णय लिया है। कार्निवाल कमेटी ने माल रोड को सजाने का काम पूरा कर लिया है।
एक भव्य स्टेज भी तैयार किया गया है। इच्छुक पर्यटक भी इस स्टेज में अपनी प्रतिभा के जौहर दिखा सकते हैं। कार्निवाल कमेटी की उपाध्यक्ष एवं एसडीएम मनाली ज्योति राणा ने कहा कि कमेटी कार्निवाल के स्वरूप को बदलते हुए नव वर्ष की संध्या पर 31 दिसंबर को मनाली के माल रोड पर ही कई मनोरंजक कार्यक्रमों को प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने सभी पर्यटकों से आग्रह किया कि वे साल के अंतिम दिन को यादगार बनाने के लिए परिवार सहित माल रोड मनाली पर आएं और कुल्लू की कला और संस्कृति से रूबरू होकर संगीत का भी आनंद लें।