कुल्लू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बागन की छात्रा प्रियंका ने जिला स्तरीय निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। 18 नवंबर को राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों से 35 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इनमें विभिन्न स्कूलों, महाविद्यालयों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी शामिल रहे।
छात्रा प्रियंका ने प्रतियोगिता में टॉप टेन प्रतिभागियों में स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया कि प्रश्नोत्तरी में मतदाता सूची, ईवीएम, वीवीपैट, मतदान और मतगणना से जुड़े सवाल पूछे गए। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों को देते हुए कहा कि राज्य स्तर पर भी विद्यालय का नाम रोशन करना उनका लक्ष्य है। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र ने छात्रा को बधाई दी है और आगामी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। संवाद