बालू गांव में नवनिर्मित माता बूढी नागिन के मंदिर और कोठी । संवाद
कुल्लू। रघुपुर घाटी में नागों की माता बूढ़ी नागिन के नवनिर्मित मंदिर और कोठी की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां तेज हो गई हैं। करीब दो वर्षों से चल रहा दोनों देवालयों का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब दिसंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में मंदिर और कोठी की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन होगा। इसके लिए मंदिर कमेटी, माता के हारियानों और देवलुओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। माता बूढ़ी नागिन के मंदिर और कोठी का निर्माण पारंपरिक काष्ठकुणी शैली में किया गया है।
दोनों देवालयों के निर्माण पर एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च हुई है। दो वर्षों की मेहनत के बाद निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंचने से अब क्षेत्र के लोगों को प्राण प्रतिष्ठा समारोह का इंतजार है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह में बाहर से आने वाले देवी-देवता व अन्य मेहमानों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मंदिर कमेटी और हारियान क्षेत्र के लोगों ने तैयारियों को लेकर बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। आयोजन के दौरान वाहनों की पार्किंग, सड़क को यातायात के लिए सुचारु रखने और मेहमानों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है।
माता बूढ़ी नागिन के कारदार ध्यान सिंह, कारकून मोहर सिंह, दया राम, हीरा लाल, कौर सिंह, गंगा राम और मेघ सिंह ने कहा कि बालू, गनोचा, लोट, घुहाटन, पारला लोट और छदेरा धार गांव के लोग आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। प्राण प्रतिष्ठा समारोह को सफल बनाने के लिए देवलुओं और हारियानों के बीच बैठकों का दौर जारी है। वहीं, नागों की माता बूढ़ी नागिन के मंदिर और कोठी की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरी रघुपुर घाटी में उत्साह है। संवाद