सीपीएस ने नागरिक अस्पताल में बर्थ वेटिंग रूम का किया लोकार्पण
बायोकेमिस्ट्री एनेलाइजर मशीन का भी किया उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। नागरिक अस्पताल तेगूबेहड़ में अब गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल में दूरदराज के क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को प्रसव से 15 दिन पूर्व भी भर्ती किया जाएगा।
राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस पर रविवार को सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने नागरिक अस्पताल तेगूबेहड़ में बच्चों को पोलियो की दवा पिला कर जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने दस बिस्तरों वाले बर्थ वेटिंग रूम का लोकार्पण किया। इसी अस्पताल में फूली ऑटोमेटिक बायोकेमिस्ट्री एनेलाइजर मशीन का भी उद्घाटन किया। इस मशीन में एलएफटी, आरएफटी, लिपिड प्रोफाइल से संबंधित लगभग 15 टेस्ट एक साथ हो सकेंगे तथा 45 मिनट में रिपोर्ट भी प्राप्त होगी।
सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि तेगूबेहड़ नागरिक अस्पताल में बर्थ वेटिंग रूम के आरंभ होने से दूरदराज क्षेत्र की गर्भवती महिलाएं प्रसव से पूर्व दाखिल हो सकेंगी। उन्हें यहां पर सभी प्रकार की स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के प्रति वचनबद्ध है। सरकार की ओर ससे घर द्वार के निकट विशेषज्ञ चिकित्सकीय जांच और उपचार की व्यवस्था की जा रही है। संवाद