मनाली के अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल में शुक्रवार को हुई बारिश में पहुंचे पर्यटक।-संवाद
कुल्लू। प्री मानसून ने जिलेवासियों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। बीते वीरवार को हुई बारिश, अंधड़ और ओलों ने काफी नुकसान पहुंचाया है। मलबा गिरने से जिलेभर में 13 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। अंधड़ से बिजली के तार टूटने के कारण 98 ट्रांसफार्मर ठप हो गए। इससे आनी-निरमंड से लेकर बंजार तक करीब 100 गांवों के लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा।
जिले में बंद 13 सड़कों में बंजार की दो, कुल्लू की छह, निरमंड की दो और बंजार की तीन शामिल हैं। इस मार्गाें में छोटे वाहनों के साथ बसों के पहिए भी थम गए हैं। लोक निर्माण विभाग सड़कों को बहाल करने में जुट गया है। आनी-निरमंड में बिजली के 33 ट्रांसफार्मर और थलौट सब डिवीजन के तहत 65 ट्रांसफार्मर जाम होने से लोगों को दिक्कत आ रही है। बोर्ड के कर्मचारी ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त करने में लगे हुए हैं।
मौसम के बदले तेवर से किसानों-बागवानों की चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार को भी जिलेभर में बारिश हुई। असमय बरसात होने से जिले का जनजीवन प्रभावित हुआ है। बलदेव कुमार, किशोरी लाल, धर्म सिंह, मान सिंह और मनोहर लाल ने कहा कि प्री मानसून में बारिश इतनी तेज हो रही है कि लोग सहम गए हैं।
...............
ओलों से हुए नुकसान की रिपोर्ट संबंधित विभागों से मांगी गई है। बिजली और बंद सड़कों को खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
-अनुराग चंद्र शर्मा, उपायुक्त कुल्लू