केलांग (लाहौल-स्पीति)। शीतकालीन क्षेत्रों में जनसंख्या गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार को केलांग में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम केलांग कुनिका ऐकर्स ने की। प्रशिक्षक विकास कुमार और आशीष रस्तोगी ने जनगणना-2026 के विभिन्न चरणों, स्व-गणना प्रक्रिया, जनसंख्या गणना के दौरान एकत्र की जाने वाली जानकारी और डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया की जानकारी दी। स्व-गणना का चरण 17 अगस्त से 31 अगस्त तक चलेगा।
बर्फबारी वाले क्षेत्रों के पात्र निवासी se-snowbound.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद जनसंख्या गणना का मुख्य चरण 1 सितंबर से 30 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।
जनगणना कर्मी घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्र के अनुसार आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे। वहीं, बेघर परिवारों की गणना 30 सितंबर को की जाएगी। जनसंख्या गणना के दौरान कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। इन्हें आठ व्यापक श्रेणियों में विभाजित किया गया है। एसडीएम ने जिले के लोगों से जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण सहयोग देने की अपील की है। संवाद