मनाली में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर बैठक की अध्यक्षता करते हुए ।-संवाद
मनाली। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर मनाली पहुंचीं। एसडीएम कार्यालय के सभागार में उन्होंने महिलाओं के कल्याण एवं सशक्तीकरण से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, वन स्टॉप सेंटर, वर्किंग वुमन हॉस्टल, मनरेगा में महिला भागीदारी, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य कार्यक्रमों की प्रगति का आकलन किया।
उन्होंने घरेलू हिंसा अधिनियम और कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न-रोकथाम, निषेध और निवारण अधिनियम के तहत गठित आंतरिक एवं स्थानीय समितियों के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी तीन माह के भीतर एक विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट तैयार कर आयोग को प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने कहा कि मनाली में हर वर्ष लाखों पर्यटक आते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा एवं सुदृढ़ कानून-व्यवस्था न केवल स्थानीय महिलाओं के लिए बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों में भी विश्वास और सुरक्षा की भावना उत्पन्न करती है। उन्होंने पुलिस विभाग को पर्यटक मित्र योजना तैयार करने का सुझाव दिया।
अध्यक्ष ने महिलाओं के प्रति अत्याचार, छेड़छाड़ एवं घरेलू हिंसा के मामलों में संवेदनशीलता के साथ सशक्त कार्रवाई करने पर बल दिया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। इससे पहले उपायुक्त कुल्लू अनुराग शर्मा ने कुल्लू पधारने पर स्वागत किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल, सचिव जिला विधिक साक्षरता समिति आभा चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान, सहायक आयुक्त डॉ. जयबंती ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी कुंदन लाल उपस्थित रहे। संवाद