कोकसर के पास लापता ट्रेकर को पुलिस ने सुरक्षित खोजा।-पुलिस
- फोटो : संवाद
केलांग (लाहौल-स्पीति)। घाटी के कोकसर क्षेत्र में ट्रैकिंग के दौरान अपने साथी से बिछड़ गए ट्रैकर को पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने सुरक्षित बचाया। अंधेरा होने के कारण ट्रैकर रास्ता भटक गया था।
इसके बाद उसके फंसने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही जिला पुलिस की टीम ने अत्यधिक ठंड और घने अंधेरे के बावजूद रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रात के समय कठिन परिस्थितियों में सर्च ऑपरेशन चलाकर पुलिस टीम ने ट्रैकर को सुरक्षित ढूंढ लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से अप्रिय घटना को टाल दिया गया। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला ने बताया कि ट्रैकर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। उसकी हालत सामान्य है। पुलिस ने पर्यटकों और ट्रैकरों से अपील की है कि वे मौसम, समय और मार्ग की पूरी जानकारी लेकर ही यात्रा करें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। संवाद