स्थानीय लोक कलाकारों ने दर्शकाें का किया मनोरंजन
देहुरी में मनाया गया दो दिवसीय तीर्थन नदी महोत्सव
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। ग्राम पंचायत कलवारी के देहुरी में दो दिवसीय तीर्थन नदी महोत्सव मनाया गया। मंगलवार को लोगों ने तीर्थन नदी की पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना की। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजकर ढ़ोल नगाड़ों की थाप के साथ नदी पूजा में शामिल हुई। लोगों ने विश्व धरोहर ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के तीर्थ नामक स्थान से निकली इस तीर्थन नदी को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटी, खेलकूद, समूहगान, पेंटिंग, प्रश्नोत्तरी, प्रदर्शनी में प्रतिभागियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। लोक कलाकार राकेश शर्मा, कमलेश सराजी, शायना ठाकुर, सारिका, देवी सिंह, हरवंस नेगी, अजय आदि ने दर्शकों का मनोरंजन किया। विजेताओं को बंजार ब्लॉक पंचायत समिति चैयरमेन लता देवी ने पुरस्कृत किया।
वहीं कार्यक्रम में एपीएमसी अध्यक्ष कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति राम सिंह मियां ने भी शिरकत की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से इको पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं घाटी में आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। सहारा संस्था के निदेशक राजेंद्र चौहान ने बताया कि इस महोत्सव के दौरान तीर्थन नदी की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्ता को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। महोत्सव युवाओं में संस्कृति और प्रकृति के प्रति श्रद्धा और जागरूकता को बढ़ावा देगा। इस दौरान एसडीएम बंजार पंकज शर्मा, हिमालय नीति अभियान के संयोजक गुमान सिंह, जेएनयू से सेवनिवृत्त प्रोफेसर डॉ.वरयाम सिंह, डॉ.सूरत ठाकुर, सेवानिवृत्त डिप्टी डायरेक्ट मतस्य खेम सिंह ठाकुर, डा. संदीप मिन्हास, तीर्थन संरक्षण एवं पर्यटन विकास एसोसिएशन के अध्यक्ष वरुण भारती, जीभी घाटी पर्यटन विकास एसोसिएशन से ललित कुमार, ग्राम पंचायत कलवारी की प्रधान प्रेमलता, पंचायत समिति सदस्य लीला देवी आदि मौजूद रहे।