कुल्लू। यूरोप में हुई स्कीइंग की अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में कांस्य पदक विजेता मनाली की बेटी आंचल ठाकुर दो जनवरी को अपने घर मनाली लौट रही है। वहीं आंचल के मनाली लौटने को लेकर मनालीवासी स्वागत की तैयारियों में जुट गए हैं। दो जनवरी को मनाली में शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की अगुवाई में मनाली स्की एसोसिएशन एवं मनाली विंटर स्पोर्ट्स क्लब आंचल ठाकुर का स्वागत करेंगे। आंचल ठाकुर के पिता रोशन लाल ठाकुर ने कहा कि कार्यक्रम सुबह दस बजे होगा। उल्लेखनीय है कि आंचल ठाकुर पिछले करीब डेढ़ माह से आस्ट्रिया में अगले साल फरवरी में चीन के बीजिंग में हो रही विंटर ओलंपिक की तैयारियां कर रही हैं। इस दौरान उन्होंने यूरोप में हुई अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप में भाग लेकर भारत के साथ हिमाचल का नाम पूरे विश्व में रोशन किया है। वह देश की पहली महिला विंटर खिलाड़ी है, जिसने दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीते हैं। आंचल की इस सफलता पर प्रदेेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी सम्मानित करने की बात कही है।