एमडीआर किनारे कचरा डंप, बदाह नाले में भी ठिकाने लगाया जा रहा कचरा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू-भुंतर के बीच बदाह से मौहल तक कई जगह कचरे के ढेर लगे हैं। इससे स्थानीय लोगों के साथ सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण बस्तियों के आसपास के अलावा एमडीआर सड़क के किनारे भी जगह-जगह कचरा बिखरा हुआ है।
बदाह नाले के किनारे कचरा फेंके जाने से स्थिति और खराब हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे लगे कचरे के ढेर नियमित रूप से नहीं उठाए जा रहे हैं। नालों में कचरा फेंके जाने से स्वच्छता अभियान और नदी-नालों को साफ रखने के दावों पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मौहल क्षेत्र में भी समय पर कचरा नहीं उठाया जा रहा है। क्षेत्र में शिक्षण संस्थानों के विस्तार और बढ़ती आबादी के कारण यहां बड़ी संख्या में लोग किराये पर रह रहे हैं। ऐसे में कचरा प्रबंधन की व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने पंचायतों से कचरा उठाने की व्यवस्था दुरुस्त करने और सुबह सात-आठ बजे से पहले नियमित रूप से कचरा एकत्र करने की मांग की है।
बाक्स,
शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों को भी स्वच्छता के क्षेत्र में अच्छा काम करने की जरूरत है। कचरा निष्पादन के लिए पंचायतों को ज्यादा काम करने की जरूरत है ताकि पंचायत क्षेत्र में उत्पन्न होने बाले कचरे का सही तरीके से निष्पादन किया जा सके।-अशोक कुमार
बाक्स,
कुल्लू भुंतर मार्ग पर भी जगह जगह गंदगी देखी जा सकती है जिसके लिए प्रशासन को भी उचित कदम उठाने की जरूरत है और पंचायतों का सहयोग करना चाहिए। -हरीश कुमार
बाक्स,
जिले के सभी स्थानीय निकायों जिसमें नगर परिषदों, नगर पंचायतों और ग्राम पंचायतों को पर्यावरण और अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े मानकों को अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इस पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी निगरानी रखने को कहा गया है, ताकि स्वच्छता बनी रहे।-सरजीत सिंह राठौर, अतिरिक्त दंडाधिकारी
अभियान--कुल्लू-भुंतर सड़क पर बदाह मोड पर नाले के पास फैली गंदगी।-संवाद