गुशैणी (कुल्लू)। तीर्थन घाटी के गुशैणी गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। नियमित जलापूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों काे रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुशैणी गांव के लिए तिंदर नाले से पेयजल की आपूर्ति की जाती है। कई दिनों से गांव के लिए नियमित रूप से पेयजल नहीं पहुंच रहा है। इससे पीने के पानी के साथ-साथ घरेलू कार्यों के लिए भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौजूदा समय कई परिवारों को प्राकृतिक स्रोतों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों दलीप सिंह, तिलक ठाकुर, भवानी शर्मा, हरीश ठाकुर, भगवान दास, मनीश आदि ने बताया कि हाल ही में हुई भारी बारिश कारण पेयजल की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे पानी की आपूर्ति बाधित हो गई है। यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत नहीं की गई तो आने वाले दिनों में समस्या और भी गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग से मांग की है कि पाइपलाइन की मरम्मत की जाए। जल शक्ति विभाग की कनिष्ठ अभियंता शबनम कौशल ने बताया कि गुशैणी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्या ध्यान में आई है। संबंधित क्षेत्र के फिल्टर को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही गुशैणी में पेयजल आपूर्ति को सुचारु किया जाएगा। संवाद
000000000