कुल्लू। जिले में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के 1400 लोगों को सोमवार को कोरोना वैक्सीन लगेगी। इसके लिए शनिवार को स्लॉट बुकिंग की गई। लेकिन कोरोना वैक्सीन के लिए कोविन पोर्टल पर बुकिंग के लिए लोगों में मारामारी रही। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू, सिविल अस्पताल मनाली के सेंटर पांच मिनट में ही बुक हो गए।
हर सेंटर में 100 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जानी है। जिले में शनिवार को दोपहर ढाई बजे कोविन पोर्टल स्लॉट बुकिंग के लिए खोला गया। साइट पर दिए गए 14 सेंटरों में स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया 10 मिनट में ही पूरी हो गई। कई लोग साइट पर अपनी बुकिंग का इंतजार करते रहे। कई लोग वैक्सीन लगवाने के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया करने से सवाल उठाए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के तहत आने वाली जनता को बिना बुकिंग वैक्सीन का मौका न मिलने से लोगों में रोष है। जिले में सोमवार को कुल्लू अस्पताल, सिविल अस्पताल तेगूबेहड़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरी, सिविल अस्पताल मनाली, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र न्यूल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पतलीकूहल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किंजा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलचान, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेखली, सिविल अस्पताल बंजार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैंज, सिविल अस्पताल निरमंड, सिविल अस्पताल आनी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दलाश में कोरोना वैक्सीनेशन होगी।
जिले में शनिवार को तीसरे चरण के लिए स्लॉट बुकिंग हो गई है। इसमें 10 मिनट में सभी वैक्सीनेशन सेंटर बुक हो गए। स्लॉट बुकिंग करने वालों को ही वैक्सीन लगाई जाएगी। तीसरे चरण की वैक्सीनेशन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
-डॉ. सुशील चंद्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी