मनाली (कुल्लू)। राष्ट्रस्तरीय विंटर कार्निवल में वीरवार को मनुरंगशाला में कलाकारों ने धमाल मचाया। लोकनृत्य, फिल्मी डांस, टैलेंट शो आकर्षण का केंद्र रहे। लोकनृत्य में जम्मू का डोगरी, पंजाब का भंगड़ा और कुल्लू की नाटी आकर्षण का केंद्र रही। वीरवार को लोकनृत्य प्रतियोगिता का आगाज हुआ।
कुल्लू सांस्कृतिक कला संगम और मनु हिडिंबा क्लब मनाली के कलाकारों ने देश शोभला हिमाचल म्हारा, होरी डाईये जैसे कुल्लवी गीतों पर कुल्लवी नाटी पेश कर वाहवाही लूटी।
परफेक्ट डांस स्टूडियो जम्मू के दल ने जम्मू का मशहूर डोगरी नृत्य पेश कर मनोरंजन किया। फिल्मी डांस प्रतियोगिता में युवा दिलों के तार झनझना उठे। परफेक्ट डांस स्टूडियो जम्मू ने छन छन पाजेब मेरी छनके...गीत पर नृत्य किया तो दर्शक भी थिरकने पर विवश हो गए। फ्लाइंग स्टेप जम्मू के दल ने श्री गणेश वंदना... पर धमाल मचाया। फिल्मी डांस में औरा जम्मू के कलाकार, रूद्र द अल्टीमेट ग्रुप कुल्लू के कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुति दी।
टैलेंट शो में शांगल म्यूजिकल ग्रुप गोहर, वॉरियर्स कुल्लू, सपरॉक्स, ड्रीम टू फ्लाई द स्टूडियो और फ्लाइंग स्टेप्स जम्मू, नृत्यांगना क्लास संस्कृत मंच नग्गर और परफेक्ट डांस स्टूडियो जम्मू ने भाग लिया। क्लासिकल डांस प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। क्लासिकल में वॉरियर्स कुल्लू, नृत्यांगना कला सांस्कृतिक मंच नग्गर और परफेक्ट डांस स्टूडियो जम्मू के कलाकारों ने अपनी अपनी प्रस्तुति दी। संवाद