न्योली और ग्राहण पंचायत में गहराई पेयजल किल्लत
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को उठानी पड़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
खराहल (कुल्लू)। जिला मुख्यालय के साथ लगती दो ग्राम पंचायतों में बरसात के मौसम में भी लोग पेयजल की बूंद-बूंद को तरस गए हैं। पंचायतों में पेयजल की सुचारू आपूर्ति नहीं हो पाई है, इस कारण हजारों ग्रामीणों को परेशानियां उठानी पड़ रही है। वहीं, अभी क्षेत्र में 16 से 20 अगस्त तक सावन मेला मनाया जाएगा, लेकिन पेयजल की समस्या ने ग्रामीणों को चिंता में डाल दिया है।
सावन मेला में करीब एक सप्ताह तक मेहमानों का आगमन भी होगा। ऐसे में उनकी पेयजल की व्यवस्था कैसे हो पाएगी। ग्रामीण अमित ठाकुर, सुशील भंडारी, रितेश ठाकुर, अनिश ठाकुर, रूप सिंह, निर्मला, संजीव आदि ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से पेयजल की सप्लाई व्यवस्थित तरीके से नहीं हो रही है, जिससे ग्रामीणों को प्राकृतिक स्रोत से पेयजल ढोना पड़ रहा है। वहीं, महादेव युवा मंडल के प्रधान गोपाल महंत और ग्राम सुधार कमेटी के प्रधान अनूप भंडारी ने कहा कि कुछ ही दिनों में सावन मेला मनाया जाएगा। इस मेले में हजारों श्रद्धालु पहुंचेंगे, लेकिन पेयजल की समस्या होने से श्रद्धालुओं को भी ग्रामीणों के साथ परेशान होना पड़ेगा। उन्होंने जलशक्ति विभाग दोनों ग्राम पंचायतों में पेयजल की सुचारू आपूर्ति करने की मांग की है।
पंप खराब चल रहा है, इस कारण ग्रामीणों को दिक्कत आ रही है। न्योली-ग्राहण पंचायतों के लिए फिलहाल लारी-मनारी पेयजल योजना आपूर्ति की जा रही है। पंप को जल्द ठीक करने के लिए विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी है।ओम प्रकाश , कनिष्ठ अभियंता जलशक्ति विभाग