कुल्लू। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति 12 से 17 नवंबर तक जिला मुख्यालय कुल्लू के ढालपुर चौक के साथ लगते पार्क में धरना-प्रदर्शन करेगी। इस दौरान पेंशनर अपनी लंबित मांगों को पूरा करने की मांग उठाएंगे। वे सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।
समिति के जिला अध्यक्ष इंद्र दत्त शर्मा ने बताया कि पेंशनर लगातार सरकार के समक्ष अपनी मांगें उठा रहे हैं। हालांकि, अभी तक उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। सरकार की ओर से मांगों को लेकर सकारात्मक पहल नहीं हुई है। इस कारण पेंशनरों को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन के माध्यम से सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई जाएगी। इससे मांगों को पूरा करने का दबाव बनाया जाएगा। संघर्ष समिति 19 नवंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में एक विशाल रैली भी आयोजित करेगी। रैली के बाद विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा। इंद्र दत्त शर्मा ने कुल्लू जिला के सभी पेंशनरों से अपील की है। उन्होंने 12 से 17 नवंबर तक आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लेने को कहा है। पेंशनरों को एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठानी चाहिए। संवाद