सिविल पेंशनर एवं सोशल वेलफेयर एसोसिएशन बंजार की बैठक में समस्याओं पर चर्चा
पेंशनरों ने उठाई समूह बीमा योजना की राशि जारी करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुशैण (कुल्लू)। सिविल पेंशनर एवं सोशल वेलफेयर एसोसिएशन बंजार खंड की मासिक बैठक प्रधान प्रीतम शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें पेंशनरों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई।
साथ ही लंबित मांगों को अब तक पूरा न करने पर सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की गई। प्रीतम शर्मा ने बताया कि उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समूह बीमा योजना की राशि जारी करने की मांग की है। इस संदर्भ में पेंशनरों का एक प्रतिनिधिमंडल लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से भी मुलाकात कर चुका है। उन्होंने हालांकि आश्वासन दिया था लेकिन यह राशि जारी नहीं की गई। इस मामले को लेकर एक बार फिर अगले महीने अधिशासी अभियंता से मिलने को लेकर रणनीति बनाई गई है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का न तो डीए मिला है और न ही एरियर मिल पाया है। इसके साथ अन्य देय आर्थिक लाभ भी नहीं मिले हैं। उन्होंने विभागों से मांग की है कि पेंशनरों के जो चिकित्सा बिल कार्यालय में लंबित हैं, उनका भी जल्द भुगतान किया जाए। इस मौके पर संगठन के पदाधिकारी और सदस्यों में ध्यान दासी, पुन्नी देवी, हीरालाल, रामलाल, टीकम राम, रेवती राम, उत्तम राम सहित अन्य पेंशनर्स उपस्थित रहे।