कुल्लू। दशहरा या दीपावली तक पेंशनरों के महंगाई भत्ते (डीए) की लंबित किस्तें जारी करने की घोषणा नहीं हुई तो पेंशनर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। यह चेतावनी पेंशनर महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एमके गुप्ता ने कुल्लू खंड की मासिक बैठक में दी। शीतला माता मंदिर सभागार में आयोजित बैठक में पेंशनरों की लंबित मांगों पर चर्चा की गई और सरकार के रवैये पर रोष जताया गया।
बैठक में प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया कि दशहरा या दीपावली के अवसर पर डीए की सभी लंबित किस्तें जारी की जाएं। एमके गुप्ता ने आरोप लगाया कि सरकार पेंशनरों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। बैठक में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के पेंशनरों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग उठाई गई।
महासंघ ने आग्रह किया कि संगठन के साथ बैठक बुलाकर समस्याओं पर चर्चा की जाए और उनका स्थायी समाधान निकाला जाए। इसके अलावा निदेशक कोष, शिमला से पेंशनरों के लाइफ सर्टिफिकेट जमा करवाने के लिए ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन सुविधा भी जारी रखने की मांग की गई। महासंघ का कहना है कि ऑफलाइन विकल्प उपलब्ध रहने से बुजुर्ग पेंशनरों को प्रमाणपत्र जमा करवाने में परेशानी नहीं होगी।
...
करुणामूलक नौकरी में आय सीमा पर छूट की मांग
बैठक में करुणामूलक आधार पर आश्रितों को नौकरी देने के मामले पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार ने जुलाई 2026 में इस संबंध में आदेश जारी किए हैं, लेकिन आय सीमा में अभी तक छूट नहीं दी गई है। महासंघ ने सरकार से इस दिशा में उचित कदम उठाने की मांग की। बैठक में जिला अस्पताल कुल्लू में अल्ट्रासाउंड की सुविधा बढ़ाने का मुद्दा भी उठाया गया। इस दौरान प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पूर्ण देव शर्मा, संगठन सचिव हिमा शर्मा, संयुक्त सचिव राम शरण, सुदर्शन मिश्रा, जगरनाथ ठाकुर, जिला पेंशनर शिकायत समिति के अध्यक्ष जय गोपाल शर्मा, खंड उपाध्यक्ष एमके गुप्ता, वित्त सचिव ओपी शर्मा सहित इंदिरा देवी, मीरा देवी आदि मौजूद रहे।