मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ की बैठक, समस्याओं को हल करने की मांग उठाई
बोले-क्षेत्रीय अस्पताल में नहीं हो रहे अल्ट्रासाउंड, मेडिकल बिल सत्यापन में भी हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। हिमाचल पेंशनर फेडरेशन जिला कुल्लू के पदाधिकारियों ने जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ उनके कार्यालय में बैठक की। इस दौरान पेंशनरों ने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित समस्याओं के बारे में चर्चा की। बैठक में पेंशनर फेडरेशन के प्रदेश महासचिव टीडी ठाकुर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर के समक्ष पेंशनरों के मामले उठाए और उन्हें हल करने की मांग की। उनकी तरफ से उठाए गए मामलों में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अल्ट्रासाउंड की सुविधा का अभाव, ओपीडी में एक ही सर्जन के बैठने से पेंशनरों के मेडिकल बिल सत्यापन में हो रही परेशानी आदि शामिल रहे।
उन्होंने इस दौरान अस्पताल में प्राइवेट रूम का किराया कम करने की भी मांग उठाई। इसके अलावा अस्पताल बिल्डिंग में स्थापित की गई लिफ्ट की मरम्मत करने, अस्पताल प्रशासनिक भवन में नई लिफ्ट लगाने की भी मांग भी प्रमुखता से रखी। ताकि पेंशनरों को आने-जाने में समस्या का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिला है। इस मौके पर उनके साथ हिमाचल पेंशनर फेडरेशन के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष पूर्ण देव शर्मा, प्रभार सचिव माधो कैलाश शर्मा, जिलाध्यक्ष कुल्लू आईडी शर्मा, जिला शिकायत समिति अध्यक्ष जय गोपाल शर्मा, संयुक्त सचिव सुदर्शन मिश्रा भी मौजूद रहे।