हिमाचल पेंशनर्स कल्याण संघ भुंतर खंड की बैठक शिव मंदिर भुंतर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान प्रेम चंद ने की। इस दौरान पेंशनरों ने उनकी लंबित मांगों और अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। संघ के जिला अध्यक्ष प्रेम चंद ने बताया कि बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के पश्चात विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए।
उन्होंने बताया कि पेंशनर्स कल्याण संघ की प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा छह नवंबर को जो निर्णय लिए गए हैं, भुंतर खंड के पेंशनर उन सभी नियमों का स्वागत करते हैं तथा भविष्य में उन नियमों का पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी पेंशनरों को दो माह की पेंशन नहीं दी गई है जो चिंता का विषय है। उन्होंने परिवहन मंत्री जीएस बाली से आग्रह किया है कि शीघ्र एचआरटीसी पेंशनरों को दो माह की पेंशन रिलीज की जाए।
इसके अलावा प्रदेश उच्च न्यायालय ने तीन अक्तूबर को निर्णय दिया है कि करुणामूलक आधार पर आश्रितों को नौकरी हेतु आय के बारे में पारिवारिक पेंशन को आश्रितों की आय में न जोड़ने का भी आग्रह करने के साथ ही पेंशनर्स संघ ने मुख्यमंत्री से न्यायालय के इस निर्णय को शीघ्र लागू करने का भी आग्रह किया है। बैठक में प्रदेश महासचिव टीडी ठाकुर सहित काफी संख्या में पेंशनरों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।