दशहरा उत्सव के दौरान तहसील मामले को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौपतें राजस्व विभाग के अधिकारी।-सं
दशहरा में तहसीलदार से बदसलूकी के मामले में राजस्व अधिकारियों की हड़ताल
डीसी को मांग पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में बतौर सेक्टर मजिस्ट्रेट सेवाएं दे रहे तहसीलदार को घसीटने और मारपीट के मामले में हिमाचल प्रदेश राजस्व अधिकारी संघ ने सोमवार को पूरे प्रदेश में पेन डाउन स्ट्राइक की।
कुल्लू जिले में भी तहसील से संबंधित कार्य प्रभावित रहे। जिला राजस्व अधिकारी गणेश ठाकुर की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला और मांग पत्र सौंपा। इसमें तहसीलदार के साथ बदसलूकी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी पुलिस और प्रशासन उचित कार्रवाई नहीं करते हैं तो आने वाले समय में विरोध जारी रहेगा। हालांकि तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व अधिकारी कार्यालय पहुंचे लेकिन किसी तरह का काम-काज नहीं किया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष नारायण सिंह वर्मा ने कहा कि प्रदेश भर में पेन डाउन स्ट्राइक की गई है। प्रदेश स्तर पर भी डीजीपी को मांगपत्र सौंपा है। प्रदेश के हर जिले में उपायुक्त के माध्यम से उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि तहसीलदार सरकारी सेवा में तैनात थे लेकिन पुलिस और प्रशासन की ओर से उनके साथ मारपीट और बदसलूकी करने वालों पर किसी तरह की ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।