कुल्लू। जिले के नागरिक अस्पताल मनाली और बंजार में अब शिशु रोग विशेषज्ञ सेवाएं देंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में जिले के इन दोनों अस्पतालों को शिशु रोग विशेषज्ञ मिले हैं।
इन विशेषज्ञों के ज्वाइन करने से जिले में तीन विशेषज्ञ हो जाएंगे। इससे क्षेत्रीय अस्पताल में तैनात एकमात्र विशेषज्ञ का बोझ कम होगा। वहीं, परिजनों को भी बच्चों का उपचार करवाने के लिए 35 से 40 किलोमीटर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। संवाद न्यूज एजेंसी की अमर उजाला में प्रकाशित खबर ‘नौनिहालों की सेहत से खेल रहा स्वास्थ्य विभाग’ शीर्षक से मामले को प्रमुखता से उठाया गया था।
कुल्लू के पांचों स्वास्थ्य खंडों जरी, नग्गर, बंजार, आनी और निरमंड में वर्तमान में महज एक ही शिशु रोग विशेषज्ञ क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में तैनात है।
इसके कारण स्वास्थ्य खंड नग्गर और बंजार के बीमार बच्चों को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल रेफर किया जाता है।
वहीं, समस्या यह है कि एक चिकित्सक ओपीडी और वार्ड में भर्ती मरीजों का उपचार करे या आपातकालीन सेवाओं में ड्यूटी दे। अब दो चिकित्सक मिलने से उपचार सेवाएं बेहतर होने की उम्मीद है।
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू को और गायनी विशेषज्ञ चिकित्सक मिली हैं। चिकित्सक के ज्वाइन करने से भी अस्पताल में तीन गायनी विशेषज्ञ हो जाएंगे। इससे प्रसूता और गायनी संबंधी बीमारियों से ग्रसित महिलाओं को उपचार करवाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। तीन चिकित्सक होने से उपचार समय पर होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि अधिसूचना के मुताबिक कुल्लू को दो शिशु रोग और एक गायनी विशेषज्ञ मिला है।
अभी इनकी ज्वाइनिंग का इंतजार है। बंजार और मनाली में शिशु रोग और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में गायनी विशेषज्ञ सेवाएं देंगे। संवाद