जिले की सब्जी मंडियों में 45 से गिरकर 35 रुपये प्रतिकिलो हुए दाम
बागवानों को उठाना पड़ रहा घाटा, छाई मायूसी
संवाद न्यूज एजेंसी
खराहल (कुल्लू)। जिले में लगातार अंतराल में बारिश होने से मटर की फसल को मार पड़ी है। फसल में काले धब्बे आने से दाम धड़ाम से गिर गए हैं। इससे बागवानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। तीन दिन पहले 41 से 45 रुपये प्रतिकिलो बिकने वाला मटर अब 35 रुपये तक लुढ़क गया है।
शुरुआती दौर में 45 से 50 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से मटर के दाम मिले थे। मटर के दाम अचानक गिरने से किसान मायूस हो गए हैं। मंगलवार को सब्जी मंडी अखाड़ा बाजार में मटर के दामों में 10 रुपये की गिरावट देखी गई। इससे मटर 35 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिका है। किसानों का कहना है कि कम दाम के चलते खाद, बीज और मजदूरों की दिहाड़ी भी पूरी नहीं हो पा रही है।
घाटी के किसान अमित ठाकुर, जय चंद, चमन, महेश, मोहर सिंह ने कहा कि बारिश के कारण मटर खराब हुआ है। इससे दामों में गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि कम दाम मिलने से किसानों को घाटा उठाना पड़ रहा है। कहा कि जिले में करीब 2,500 हेक्टेयर भूमि पर मटर का उत्पादन किया जा रहा है।
...
हरा मटर मंगलवार को सब्जी मंडी में 35 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिका है। दो दिन पहले 45 रुपये प्रतिकिलो तक मटर के दाम मिले थे। मटर की फसल में काले धब्बे आने से दामों में गिरावट आई है।
-श्याम लाल, आढ़ती, सब्जी मंडी अखाड़ा बाजार