खराहल (कुल्लू)। फलों के दाम गिरने से किसानों में मायूसी है। स्थानीय मंडियों में नाशपाती के दाम 30 प्रतिशत तक गिर गए हैं। 80 रुपये बिकने वाली नाशपाती की बोली शुक्रवार को 55 रुपये में बिकी। 25 रुपये की गिरावट से किसानों की चिंता बढ़ गई है। कम दाम के चलते मजदूरी, खाद और दवाइयों के खर्चे भी पूरा करना कठिन हो जाएगा।
शुक्रवार को बंदरोल सब्जी मंडी में नाशपाती की 55 रुपये प्रति किलोग्राम बोली लगी है। तीन दिन पहले 80 रुपये किलो बोली लगी थी। अचानक दाम लुढ़क जाने से बागवानों के चेहरे पर मायूसी छाई है। बताया जा रहा है कि मंडी में फलों की आवक अधिक होने से कीमत गिर गई है। बागवान अमित, चमन लाल, ज्ञान ठाकुर, देवराज नेगी और प्रताप पठानिया ने कहा कि अचानक दाम कम होने से बागवानों को आर्थिक तौर पर भारी नुकसान हो रहा है।
फलोत्पादन मंडल कुल्लू के अध्यक्ष महेंद्र उपाध्याय ने बागवानों से आग्रह किया है कि नाशपाती की गुणवत्ता और ग्रेड पर विशेष ध्यान रखें। बंदरोल सब्जी मंडी के पूर्व अध्यक्ष मोहन ठाकुर ने कहा कि शुक्रवार को 55 रुपये लार्ज तथा मीडियम आकार की नाशपाती के 30 रुपये प्रति किलो तक बोली लगी है। एपीएमसी कुल्लू की सचिव शगुन सूद ने कहा कि बागवान तैयार हुआ फल ही मंडियों में लेकर आएं ताकि उनको अच्छे दाम मिल सकें। संवाद