कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू के साथ सटी खराहल घाटी में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को टेस्ट की सुविधा मिलेगी। पीएचसी में उपचार करवाने आ रहे मरीजों के टेस्ट भी किए जाएंगे।
चिकित्सक की ओर से टेस्ट लिखे जाने पर मरीजों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अब मरीज घरद्वार के समीप ही टेस्ट करवाकर बीमारियों का पता लगा सकेंगे। पीएचसी में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) के तहत क्रस्ना कंपनी ने अपनी प्रयोगशाला स्थापित की है, जिसका खराहल के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।
मरीजों के 130 से अधिक टेस्ट निशुल्क किए जाएंगे। गौर रहे कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खराहल में बेहतर उपचार के साथ मरीजों को टेस्ट सुविधा मिलेगी। इससे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार करवाने आने वाले मरीजों को टेस्ट करवाने के लिए कुल्लू का रुख करना पड़ा है। इससे मरीजों के मर्ज के साथ दिक्कतें भी बढ़ती रहीं हैं लेकिन अब मरीजों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। पीएचसी में प्रयोगशाला स्थापित होने से घाटी के नौ पंचायतों के हजारों लोगों को घरद्वार के समीप बेहतर उपचार सुविधा मिलेगी और उपचार पर खर्च भी नहीं करना पड़ेगा।
निशुल्क टेस्ट की है व्यवस्था
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. ज्योति शर्मा ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केेंद्र खराहल में मरीजों के निशुल्क टेस्ट की व्यवस्था की गई है। क्रस्ना कंपनी ने अपनी प्रयोगशाला स्थापित की है। पीएचसी में मरीजों के उपचार के साथ अब टेस्ट भी किए जाएंगे। टेस्ट पर मरीजों को किसी तरह का व्यय नहीं करना होगा।