रायसन में एम्स दिल्ली के विशेषज्ञों ने की 174 मरीजों की आंखों की जांच
पहले दिन मोतियाबिंद के 30 ऑपरेशन, विशेषज्ञ 23 नवंबर तक देंगे सेवाएं
संवाद न्यूज एजेेंसी
कुल्लू। ...दिन सोमवार, स्थान नेत्र अस्पताल रायसन। अस्पताल में नेत्र रोग से ग्रस्त मरीजों का आना सुबह 08:30 बजे से शुरू हुआ। ब्यास नदी के किनारे स्थित अस्पताल में मरीज चिकित्सकों से उपचार करवाने के लिए ठंड की परवाह किए बिना सुबह ही पहुंच गए।
अस्पताल परिसर में सुबह 10:30 बजे तक 70 से अधिक मरीजों ने पंजीकरण करवाया। दोपहर 12:30 बजे तक 174 मरीजों का पंजीकरण हुआ। डॉ. राजेंद्र प्रसाद नेत्र विज्ञान केंद्र (एम्स) दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की आंखों की रोशनी की जांच की। दोपहर 02:00 बजे से देर शाम तक 30 मरीजों के मोतियाबिंद और अन्य रोगों के ऑपरेशन भी मौके पर ही किए गए। हालांकि, 174 मरीजों में 60 की आंखों में मोतियाबिंद के लक्ष्य पाए गए। अन्य शेष मरीजों के ऑपरेशन मंगलवार को विशेषज्ञ चिकित्सक करेंगे। गौर रहे कि एम्स दिल्ली के चिकित्सक नेत्र अस्पताल रायसन में नेत्र रोगों से ग्रस्त मरीजों का उपचार और ऑपरेशन करेंगे। डॉ. राजेंद्र प्रसाद नेत्र विज्ञान केंद्र (एम्स) दिल्ली के विशेषज्ञ मरीजों की आंखों की रोशनी जांचेंगे। अस्पताल में 17 से 23 नवंबर तक एम्स के चिकित्सक सेवाएं देंगे। इस वर्ष यह पांचवां शिविर होगा। इससे मरीजों को आंखों के ऑपरेशन करने के लिए मेडिकल कॉलेजों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हालांकि, बरसात के दिनों में कीरतपुर-मनाली हाइवे क्षतिग्रस्त होने की वजह से दो बार शिविर को रद्द करना पड़ा। इससे मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ा है। अस्पताल के प्रभारी डॉ. डेनिस ने कहा कि इस साल का यह पांचवां शिविर है, जिसमें एम्स दिल्ली के नेत्र रोग विशेषज्ञ चिकित्सक 23 नवंबर तक सेवाएं देंगे।