कुल्लू-मनाली हाईवे तीन के क्लाथ में लगा लंबा जाम। जिसमें निगम की बसों के साथ पर्यटक वाहन भी फंस
मनाली (कुल्लू)। अस्थायी तौर पर बहाल किए गए मनाली-कुल्लू हाईवे पर सफर परेशानी और जोखिम भरा हो गया है। क्लाथ के समीप दलदल बनने के कारण वाहनों के फंसने से शनिवार को लंबा जाम लगा। दोपहर करीब 2 से लेकर शाम 6 बजे तक लोग जाम में फंसे रहे। 18 मील से आलूग्राउंड तक वाहनों की लाइनें लग गईं। लोगों ने इसके लिए सीधे तौर पर एनएचएआई को जिम्मेदार ठहराया है।
लोगों का कहना है कि दो महीने से भी अधिक का समय हो गया है, लेकिन एनएचएआई बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए हाईवे के लगभग 3200 मीटर के अलग-अलग हिस्सों को सही तरीके से नहीं बना पाई। क्लाथ में सड़क पर मिट्टी फेंकी गई है और पानी का रिसाव होने के कारण सड़क दलदल बन गई। इस वजह से सड़क पर वाहन फंसने के कारण लंबा जाम लग गया। दलदल होने के कारण कुल्लू से मनाली की ओर जा रहे वाहन फंस गए। इसमें निगम की बसों के साथ पर्यटक वाहन, फल और सब्जियों से भरे वाहनों के साथ आम वाहन शामिल थे।
दोपहर बाद मनाली की ओर से वाहनों को छोड़ा गया, लेकिन क्लाथ में जाम की समस्या विकराल हो गई। लोग चार घंटे से भी अधिक समय तक फंसे रहे। जानवी, किशन लाल, देवी चंद और मीने राम ने बताया कि वे लगभग चार घंटे बीच सड़क में बस में फंसे रहे। कहा कि सड़क का कार्य कर रहे ठेकेदार ने मिट्टी फेंक दी। सड़क पर पानी होने से कीचड़ और दलदल बन गया। कई जगह वाहन स्किड होने लगे और बार-बार जाम लगता रहा।
.....
जाम से निपटने के लिए पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। पतलीकूहल से मनाली आने वाले वाहन भी लेफ्ट बैंक से भेजे जा रहे हैं।
-रमन कुमार शर्मा, एसडीएम मनाली