केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के केलांग में हुई राष्ट्रीय स्तरीय एमटीबी चैंपियनशिप में एक हादसा होने का मामला भी सामने आया है। ग्रे-घोस्ट एमटीबी साइकिल चैंपियनशिप के दौरान लुधियाना के एक प्रतिभागी की साइकिल का टायर निकल गया, जिससे वह गिरा और घायल हो गया।
सिर में चोट लगने के चलते उसे कुल्लू अस्पताल रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि अनूप कुमारी तिवारी निवासी 3659/3 स्ट्रीट नंबर 8, बाबा दीप सिंह नगर लुधियाना, पंजाब भी चैंपियनशिप में भाग लेने आया था। एसोसिएशन के प्रेस सचिव राहुल ने कहा कि प्यूकर गांव के पास साइकिल का टायर अचानक खुल जाने से साइकलिस्ट अनूप घायल हो गया, उसके सिर में चोट लगी है। देश भर के प्रतिभागियों ने इस चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था। उधर, इस संबंध में कार्यकारी सीएमओ डॉ. एमएल बंधु ने कहा कि सिर की चोट के कारण साइकिलिस्ट को तत्काल कुल्लू रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार किया जाएगा।