डीसी कार्यालय के साथ लगते दशहरा मैदान को लोगों ने बना दिया पार्किंग स्थल।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। उपायुक्त कार्यालय के साथ सटे दशहरा मैदान को वाहन चालकों ने पार्किंग बना दिया है। इससे यहां से आवाजाही करने वाले लोगों व मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। मैदान में मिनी सचिवालय और न्यायालय के कार्यों को निपटाने आए लोग आराम करने पहुंचते हैं।
मैदान के पार्किंग बन जाने से लोगों को बैठने और आवाजाही करने की दिक्कत हो रही है। गौर रहे कि अस्पताल के मरीजों को उनके तीमारदार कुछ समय के लिए घूमाने भी इसी मैदान में लेकर आते हैं। लेकिन वाहनों की आवाजाही और शोर के कारण उन्हें भी मैदान से किनारा करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि नगर परिषद ने मैदान के मुख्य गेट को राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए खोला था। समारोह को समाप्त हुए तीन दिनों का समय बीत चुका है। लेकिन नगर परिषद ने मैदान के गेट को बंद नहीं किया। इसका फायदा उठाकर कुछ वाहन चालकों ने मैदान में वाहनों को खड़ा करना आरंभ कर दिया है। इससे मैदान में उगी घास को भी नुकसान पहुंच रहा है। रोहन लाल, संजय कुमार, राहुल शर्मा, अखिलेश चौधरी, मीरा देवी, सुनीता, रोहिणी ने कहा कि दशहरा मैदान में वाहन पार्क किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में चार पार्किंग मात्र 500 से 1000 मीटर के दायरे में हैं। इसके बावजूद वाहन चालक मैदान में वाहनों को खड़ा कर रहे हैं। कहा कि नगर परिषद जल्द से जल्द पार्क के गेट को बंद करें। उधर, नगर परिषद के उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने कहा कि इस मैदान में प्रति वर्ष स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष भी समारोह के लिए आवश्यक सामान व सरकारी वाहनों के लिए मैदान के गेट को खोला गया था। समारोह में लगाए गए सामान को समेटते ही गेट बंद कर दिया जाएगा। कहा कि पार्क में सिर्फ लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी।