प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और शिकायतकर्ता के साथ बैठक करते हुए। स
कुल्लू। जिला कुल्लू में अभिभावक बच्चों के लिए कहीं भी पुस्तकें खरीद सकेंगे। स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों को किसी एक विक्रेता से पुस्तकें खरीदने के लिए बाध्य नहीं कर सकेंगे। शिकायतकर्ता और निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों के मध्य सर्वसम्मति से कहीं से भी पुस्तकें खरीदने का समझौता हुआ है।
निजी स्कूलों के पुस्तक प्रकरण मामले की प्रारंभिक शिक्षा विभाग कुल्लू के उपनिदेशक ने जांच की। इसके लिए बुधवार को उपनिदेशक सुरजीत सिंह राव ने कुल्लू के निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और शिकायतकर्ता के साथ बैठक की।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन में कुल्लू के एक पुस्तक विक्रेता ने शिकायत दर्ज करवाई थी। पुस्तक विक्रेता ने कुछ निजी स्कूलों पर एक नेटवर्क चलाने का आरोप लगाया था। शिकायतकर्ता ने इसमें निजी स्कूलों के नाम भी दिए थे।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुरजीत सिंह राव ने कहा कि निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और शिकायतकर्ता ने अपनी बात रखी है। बैठक में दोनों पक्षों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि अभिभावक किसी भी विक्रेता से पुस्तकें ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों ने पुस्तकों की सूची वेबसाइट पर अपलोड नहीं की है, वह सभी पुस्तकों की सूची कक्षा बार वेबसाइट पर अपलोड करेंगे। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता भी अपनी शिकायत वापस लेगा।