कुल्लू के लारजी में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेते युवा और महिला मंडल के सदस्य।-संवाद
बंजार (कुल्लू)। नेहरू युवा केंद्र (एनवाईके) कुल्लू के सहयोग से शेष शक्ति युवा मंडल लारजी ने खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया। विकास खंड लारजी में आयोजित प्रतियोगिताओं में पांच महिला और छह युवक मंडलों ने भाग लिया।
पुरुष वर्ग में वॉलीबाल तथा महिला वर्ग में 100 मीटर दौड, वॉलीबाल और घड़ा फोड़ प्रतियोगिता करवाई गई। एक दिवसीय प्रतियोगिता में सेवानिवृत्त कानून निरीक्षक निधि सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी सोनिका चंद्रा विशेष तौर पर उपस्थित रहीं।
पुरुष वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता में जगला युवक मंडल पलाहच विजेता, शेष शक्ति युवक मंडल लारजी उपविजेता बना। महिला वर्ग में महिला मंडल धामण विजेता और महिला मंडल लारजी उपविजेता रहा। 100 मीटर दौड़ मेें महिला मंडल शील की लीजा ठाकुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। मटका फोड़ प्रतियोगिता में महिला मंडल कल्यूणी की डोलमा देवी, लक्ष्मी महिला मंडल भरोल की हुडी देवी तथा महिला मंडल धामण की किरण विजेता रहीं।
शेष शक्ति युवक मंडल लारजी के प्रधान यशपाल ने कहा कि खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में क्षेत्र के 11 महिला और युवक मंडलों ने भाग लिया है। कहा कि विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान कुल्लू के प्रवक्ता श्याम लाल हांडा, जीत राणा, जिला युवा सलाहकार समिति सदस्य नरेश पंडित, शेष शक्ति युवक मंडल लारजी के सचिव महेश्वर महंत आदि उपस्थित रहे। संवाद