जिला किसान मोर्चा के साथ भाजयुमो,महिला मोर्चा व अनुसूचित जाति मोर्चा को मिली जगह
भाजपा संगठन ने अपने मोर्चों में कई नए चेहरे को दी बड़ी जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला भाजपा के विभिन्न मोर्चों की कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है। संगठन ने मोर्चों में कई नए चेहरों को बड़ी जिम्मेदारी दी है।
बाह्य सराज की रघुपुर घाटी के कई भाजपा कार्यकर्ताओं को विभिन्न मोर्चों में जिम्मेदारियां दी गई हैं। घाटी के आधा दर्जन से अधिक कार्यकर्ता संगठन में शामिल किए गए हैं।
पूर्व में जिला किसान मोर्चा के अध्यक्ष रहे दुनी चंद ठाकुर को भाजपा संगठन ने फिर से जिला किसान मोर्चा के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है। सुभाष चौहान को जिला सचिव बनाया है। रघुपुर घाटी की फनौटी पंचायत के उपप्रधान भजन सिंह को भाजयुमो आनी का अध्यक्ष बनाया है। भूपेंद्र शर्मा को भाजुयमो का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा आनी मंडल की जिम्मेदारी अनंत राम आजाद को दी है। मोर्चा की जिला कार्यकारिणी में परस राम चौहान को महामंत्री का कार्यभार दिया गया है। महिला मोर्चा के आनी मंडल से लता ठाकुर को अध्यक्ष और धर्मा ठाकुर को जिला महिला मोर्चा में उपाध्यक्ष बनाया है।
किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष दुनी चंद ठाकुर और महामंत्री सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान देती है। इस बार भाजपा संगठन और मोर्चों की कार्यकारिणी में रघुपुर घाटी के कई कार्यकर्ताओं को जगह मिली है।
ताजपोशी के लिए सभी पदाधिकारियों ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, जिला अध्यक्ष अमित सूद, विधायक लोकेंद्र कुमार और जिला महामंत्री अमर ठाकुर का आभार जताया है।