भुंतर/कुल्लू । बिजली बोर्ड कुल्लू ने लंबे समय तक बिजली बिलों का भुगतान न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में नगर पंचायत भुंतर पर भी बिजली बोर्ड की गाज गिरी है। बिजली बिल का भुगतान न करने पर बिजली बोर्ड ने नगर पंचायत में लगी स्ट्रीट लाइटों की सप्लाई काट दी है। इससे भुंतर शहर अंधेरे में डूब गया है।
नगर पंचायत भुंतर पर करीब 39,47,496 रुपये का बिजली का बिल बकाया है। इसका अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। हालांकि नगर पंचायत की ओर से 10 लाख की राशि को जमा करवाया गया है। मगर बकाया राशि लाखों में होने के कारण बिजली बोर्ड ने अब स्ट्रीट लाइटों की बिजली आपूर्ति को काट दिया है। इसके बाद सड़कों पर अंधेरा पसरा हुआ है।
स्थानीय निवासी राकेश कुमार, रमेश, दीपक, अजय, सुभाष, पंकज और बबलू ने कहा कि रविवार की रात भुंतर शहर की स्ट्रीट लाइटें जली ही नहीं। शहर की गलियों में अंधेरा पसरा रहा। नगर पंचायत को इस समस्या का समाधान जल्द निकालना चाहिए। भुंतर शहर की हजारों की आबादी रहती है।
कुल्लू और मनाली की तरफ जाने वाले पर्यटक भी सबसे पहले भुंतर में ही दाखिल होते हैं। ऐसे में भुंतर नगर पंचायत की अव्यवस्था के चलते जहां शहर की गलियों में अंधेरा पसर गया है। वहीं रात के अंधेरे में शातिरों के अनहोनी वारदातों को अंजाम देने का भी डर सताने लगा है। नगर पंचायत के सात वार्डों में अंधेरा पसरने से शहरवासियों में भी भारी रोष है।
विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता विमल प्रकाश ने कहा कि बिजली बिल की बकाया राशि का भुगतान न होने पर स्ट्रीट लाइटों की सप्लाई बंद कर दी है। नोटिस देने के बावजूद राशि जमा न करने पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई है। बकाया राशि का भुगतान होने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।