केलांग/उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। प्रदेश सरकार ने जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति को तीन चिकित्सकों के आदेश जारी किए हैं। लाहौल की पीएचसी गेमूर, गोंधला तथा पीएचसी तिंगरेट में ये डाॅक्टर अपनी सेवाएं देंगे।
ऐसे में लाहौल के लोगों को घर द्वार स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। सीएच बिलासपुर से डाॅ. इशान ठाकुर का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गेमूर और डाॅ. विकास वर्मा का सीएच बंजार से गोंधला और डाॅ. शुभम ठाकुर का ऊना के हरोली से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिंगरेट के लिए आदेश किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने कुछ समय से गेमूर पीएचसी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शांशा के डॉ. धीरज बंसल को तथा पीएचसी तिंगरेट में नागरिक अस्पताल उदयपुर से चिकित्सक की तैनाती की गई थी।
सीएमओ केलांग डाॅ. रोशन लाल ने बताया कि 29 जनवरी को पीएचसी तिंगरेट, गोंधला और गेमूर के लिए चिकित्सकों के आदेश हुए हैं। कहा कि इन डाक्टरों से आने से क्षेत्रवासियों को घर के पास ही उपचार मिलेगा। जनजातीय क्षेत्र लाहौल में डाॅक्टरों के पद खाली होने से लोगों को उपचार के लिए परेशान होना पड़ता है। ऐसे में लोगों को जिला अस्पताल कुल्लू का भी रुख करना पड़ता है। संवाद