पंचायत प्रतिनिधियों ने नायब तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल और सीएम को भेजा मांगपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल स्पीति)। राजकीय महाविद्यालय कुकुमसेरी की जमीन एकलव्य माॅडल आवासीय स्कूल के लिए स्थानांतरित करने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने मोर्चा खोल दिया है।
घाटी की पांच पंचायतों के प्रतिनिधियों ने नायब तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, जनजातीय विकास मंत्री, लाहौल-स्पीति की विधायक को ज्ञापन भेजा है।
शुक्रवार को लाहौल की पांच पंचायतों के जन प्रतिनिधि प्रधान पंचायत त्रिलोकनाथ दिनेश, उप प्रधान नारायण, प्रधान ग्राम पंचायत उदयपुर लक्ष्मण ठाकुर, पंचायत प्रधान मड़ग्राम हिरचंद, उप प्रधान मड़ग्राम सुरेंद्र, उप प्रधान पंचायत किशोरी प्रदीप, बीडीसी सदस्य राकेश, बीडीसी सदस्य शीला, जिला परिषद सदस्य महेंद्र ठाकुर, महिला मंडल छातिग और त्रिलोकनाथ के सदस्य, वार्ड पंच किशोरी, वार्ड पंच त्रिलोकनाथ, वार्ड पंच छातिग और युवा मंडल के सदस्यों ने यह ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।
गौरतलब है कि राजकीय महाविद्यालय कुकुमसेरी की 13-08-00 बीघा जमीन को एकलव्य माॅडल आवासीय स्कूल को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। पंचायत प्रतिनिधियों का तर्क है कि अगर ईएमआएस को जमीन चाहिए तो उसे एफआरसी के तहत जमीन दिलाई जाए। इसको लेकर उन्होंने एक प्रति उच्च शिक्षा निदेशक शिमला को भी भेजी है।