भुंतर (कुल्लू)। नेशनल हाईवे-तीन के लिए बनी फोरलेन सड़क में आई भूमि का मुआवजा न मिलने पर प्रभावित परिवार अब अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। हाथीथान में 15 परिवारों की भूमि फोरलेन की जद में आई है। भूमि के मुआवजा के रूप में उन्हें एक साल से महज आश्वासन ही मिल रहे थे। इससे परेशान परिवारों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।
बुधवार को फोरलेन प्रभावित परिवार हाथीथान में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे रहे। प्रभावितों का कहना है कि एनएचएआई ने जमीन का अधिग्रहण तो कर लिया, लेकिन अभी उन्हें मुआवजा ही नहीं दिया। फोरलेन प्रभावित कर्णदेव बोध ने कहा कि अधिग्रहण के समय एनएचएआई ने मुआवजा देने का आश्वासन दिया था।
इसके बाद प्रभावित परिवारों ने बैंक से ऋण लेकर दूसरी जगह अपने घर बना लिए। मगर अब उन्हें भूमि का मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। दो दिन पहले प्रभावित परिवारों की ओर से उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जल्द मामले को सुलझाने का आग्रह किया गया था, लेकिन प्रशासन भी उनकी समस्या हल नहीं कर सका है।
मजबूरी में उन्हें अब अपने हक के लिए अनिश्चितकालीन हड़ताल करनी पड़ रही है। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि यहां पर अभी तक एनएचएआई का कोई अधिकारी उनकी बात को सुनने नहीं आया है। जब तक उन्हें अपनी जमीन का मुआवजा नहीं मिलता है, अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
हड़ताल में नील चंद नेगी, तोषी बोध, दूर्गी देवी, सर्वजीत शर्मा, ज्ञान चंद नेगी, संजय शर्मा, सुभद्रा शर्मा, सरोज नेगी, पार्वती बोध, राहुल, कर्मा बोध, रूप लाल आदि मौजूद रहे।