कुल्लू में होली उत्सव के दौरान निमयो को ताेडते दिखे वाहन चालक।-संवाद
कुल्लू शहर में होली पर पूरा दिन बिना हेलमेट बाइक दौड़ाते रहे युवा
ढालपुर की सर्कुलर सड़क पर चौपहिया वाहनों की छत पर बैठे दिखे युवा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना, तेज रफ्तार, ट्रिपल राइडिंग सहित कई कारणों से भी सड़क हादसे बढ़ रहे हैं, लेकिन युवाओं को न तो अपनी जान की परवाह है और न ही किसी अन्य की।
जान जोखिम में डालकर युवा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन दौड़ा रहे हैं। जिला मुख्यालय कुल्लू में होली उत्सव के दिन भी कुछ ऐसा ही नजारा दिखा। ढालपुर की सर्कुलर सड़क पर एक बाइक पर तीन से चार-चार युवा बैठे रहे। एक भी बाइक सवार के हेलमेट न पहनने से साफ लग रहा था कि इन्हें न अपनी जान की परवाह थी और न ही दूसरों की।
कार और जीप की छत पर भी बैठकर युवा सफर करते रहे। सर्कुलर सड़क पर सुबह 10:00 से शाम 07:00 बजे तक युवा कॉलेज चौक, जिला पुस्तकालय, लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र, बीडीओ कार्यालय, रथ मैदान की ओर बिना हेलमेट ट्रिपल राइडिंग करते रहे। कुछ युवा वाहनों की डिग्गी खोलकर तेज ध्वनि में गीत बजाकर छत पर सवार होकर इसी सड़क पर सफर करते रहे। इन युवाओं में पुलिस का डर भी देखने को नहीं मिला। उधर, पुलिस अधीक्षक डॉ. गोकुलचंद्रन कार्तिकेयन ने कहा कि होली के दौरान किसी भी तरह की हुड़दंग को रोकने के लिए पुलिस जवान तैनात थे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटे गए हैं।