जिला के वामतट के गंाव सेउबाग स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला काईस में सालाना समारोह शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। समारोह में बतौर मुख्यातिथि अतिरिक्त निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. अमर देव ने शिरकत की। मुख्यातिथि का स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष देवराज नेगी ने भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर स्कूल की विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों को मुख्यातिथि के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ किया। इससे पहले स्कूल प्रधानाचार्य कमला देवी ने स्कूल की सालाना रिपोर्ट पढ़ी। स्कूली छात्रा-छात्राओं ने कुल्लवी नाटी पेश कर खूब वाहवाही लूटी। शिक्षा के क्षेत्र में चमनलाल, गोविंद, शिवानी, गीता, भविया, विक्रम, देविंद्र आदि को पुरस्कृत किया गया। खेलों में अंडर-16 में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रियंका नेगी को पुरस्कार से सम्मानित किया। बेस्ट खिलाड़ी के खिताब के लिए ओमी देवी और नेहा को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर कराड़सू पंचायत की प्रधान गुड्डी देवी, नलाच पंचायत के प्रधान नूतन ठाकुर और काईस पंचायत के पूर्व प्रधान परस राम तथा एसएमसी के अध्यक्ष देवराज नेगी और सदस्यगण मौजूद रहे। समारोह के दौरान कराडसू पंचायत की प्रधान ने दो हजार, नलाच पंचायत प्रधान नूतन ठाकुर ने 2100 रुपये, एसएमसी उपाध्यक्ष गोपाल ने 5000 रुपये, नानक ने दो हजार, एसएमसी अध्यक्ष ने ढाई हजार, जबकि मेघ सिंह ने एक हजार रुपये स्कूल विकास के लिए दिए।