कुल्लू। लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में रविवार को पार्वती वैली छात्र संगठन ने वार्षिक समारोह मनाया। इसमें घाटी के विद्यार्थियों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं।
दर्शक दीर्घा में बैठे सहपाठियों का खूब मनोरंजन किया। सालाना समारोह में कुल्लवी नाटी आकर्षण का केंद्र बनी रही। इसके अलावा विद्यार्थियों ने एकल, समूह गान और नाटी की बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। पार्वती वैली छात्र संगठन के सालाना समारोह में लोकगायक संतोष तोशी स्टार कलाकार रहे।
उन्होंने विद्यार्थियों को झूमने पर विवश कर दिया। संतोष तोशी के मंच पर चढ़ते ही कलाकेंद्र सीटियों की आवाज से गूंज उठा। लोकगायक ने लाल तेरे होंठडू मेरी सरला, साहिबा रा लड़का, टेलीविजना-टेलीविजना बाऊली झूरिए टेलीविजना, ओ लाड़ी शानता, खाणा-खाणा एक थालिए आदि गानों की प्रस्तुति से विद्यार्थियों को खूब नचाया।
उधर, छात्र संगठन के अध्यक्ष अंकित ने कहा कि लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में समारोह करवाने का मुख्य उद्देश्य युवा प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। संवाद