बंजार (कुल्लू)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बंजार में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर में सोमवार को स्वयंसेवकों ने प्रभात फेरी से दिन की शुरुआत की। इसके बाद योग, प्राणायाम और परेड के माध्यम से अनुशासन, शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक एकाग्रता का अभ्यास किया। स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर और बंजार कस्बे के आसपास उगी झाड़ियों की सफाई कर स्वच्छता अभियान चलाया। लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
शिविर में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं जिला ज्ञान-विज्ञान समिति के अध्यक्ष देशराज नेगी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रूपाली राही ने संसाधन व्यक्तियों के रूप में शिरकत की। देशराज नेगी ने स्वयंसेवकों को चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
रूपाली राही ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक और मानसिक बदलावों, इस दौरान आने वाली समस्याओं तथा व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के बारे में बताया। उन्होंने स्वयंसेवकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी नीरत सिंह नेगी, तिलका ठाकुर और मीना ठाकुर भी उपस्थित रहे। संवाद