रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। वीकेंड पर कुल्लू-मनाली और लाहौल में हजारों सैलानी सैर सपाटे के लिए पहुंच रहे हैं। जलोड़ी दर्रा, सोझा, रघुपुरगढ़, सरयोलसर, जिभी, तीर्थन वैली, मणिकर्ण, कसोल, नग्गर, मनाली, सोलंगनाला, अटल टनल, मढ़ी, रोहतांग, कोकसर, सिस्सू, तांदी, शिंकुला, उदयपुर, बारालाचा और सरचू सैलानियों से गुलजार हो गए हैं।
पर्यटन गतिविधियों के लिए ग्रांफू-काजा मार्ग पर पड़ने वाले डोहरनी मोड़ और इसके आसपास ही सैलानियों को बर्फ की चादर मिलेगी। शनिवार को वीकेंड पर कोकसर से नौ किलोमीटर आगे तक बीआरओ की सहमति से डोहरनी मोड़ पर्यटन गतिविधियों के लिए खोल दिया है। इससे पहले सैलानी कोकसर से छह किलोमीटर दूर ग्रांफू बाईपास तक ही पहुंच रहे थे।
अब रोहतांग दर्रा भी सैलानियों के लिए मनाली की ओर से खुल चुका है। पर्यटकों को पार्किंग सुविधा मिले, इसके लिए बीआरओ के प्रभारी अधिकारी सहायक अभियंता बीडी धीमान रोहतांग सड़क से बर्फ हटाकर इसे डबललेन बनाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने पर्यटकों को ऊंचाई वाले इलाकों में सफर करने, सैलानियों से गाड़ियों में उचित मात्रा में डीजल और पेट्रोल भरकर चलने तथा मौसम को भांपकर ही जाने की हिदायत दी है। संवाद