कुल्लू। तीर्थन घाटी के रोबिन ठाकुर की मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना ने किस्मत बदलकर रख दी है। कुल्लू से बेंगलूरू नौकरी करने गए रोबिन ठाकुर ने तीन साल तक नौकरी की। आज रोबिन ठाकुर चार लोगों को रोजगार दे रहे हैं। बंजार स्कूल से 12वीं कक्षा तक पढ़े रोबिन ने शिमला से स्नातक की।
वर्ष 2015 में उन्होंने होटल मैनेजमेंट में स्नातकोत्तर किया। तीन साल तक बेंगलूरू में नौकरी करने के पश्चात 2020 में वापस अपने गांव आए। यहीं पर व्यवसाय शुरू कर दिया। जिला उद्योग प्रबंधक की ओर से स्वरोजगार के लिए 35 लाख का ऋण लिया जिससे उन्होंने गेस्ट हाउस का निर्माण किया।
35 लाख पर इन्हें सरकार की तरफ से 10 लाख की सब्सिडी हासिल हुई। रोबिन के गेस्ट हाउस में 13 कमरे हैं। रोबिन ठाकुर का कहना है उनके पिताजी आर्मी से सेवानिवृत्त हुए हैं। पिताजी के साथ मिलकर कैंपिंग का कार्य आरंभ किया।
महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कुल्लू पीएल झोलटा ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत बेरोजगार युवाओं के लिए स्वरोजगार स्थापित करने के लिए 25 प्रतिशत अनुदान पर ऋण प्रदान किया जाता है। महिलाओं के लिए यह अनुदान 35 प्रतिशत है। पिछले वर्ष 356 स्वीकृत मामलों 30 करोड़ का ऋण प्रदान किया गया था। जिनमें 12 करोड़ का अनुदान का लाभ दिया गया।