केलांग अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलने से जिले हजारों लोगों को मिली राहत
पहले सर्दियों के मौसम में ज्यादा बढ़ जाती थी जिले के लोगों की परेशानी
सरकार ने केलांग और काजा अस्पताल में उपलब्ध करवा दी है सुविधा
दिनेश जस्पा
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय क्षेत्र लाहौल के क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलने से मरीजों को राहत मिल रही है। इससे केलांग से कुल्लू के लिए 150 किलोमीटर सफर का झंझट खत्म हुआ है।
मरीजों की हजारों रुपये की राशि की भी बचत हुई है। इससे पहले क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने से लाहौल के मरीजों को सर्दियों में परेशानियों के दौर से गुजरना पड़ता था। सर्दी के मौसम में अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए मरीजों को दिक्कतें आती थीं। अब क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में लोगों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिल रही है। लाहौल के साथ स्पीति घाटी के लोगों की भी दिक्कतें कम नहीं थीं। उन्हें कई बार अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए आईजीएमसी शिमला के चक्कर काटने पड़ते थे। सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्रीय अस्पताल केलांग और नागरिक अस्पताल काजा में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध करवा दी है। केलांग अस्पताल में अक्तूबर से अल्ट्रासाउंड हो रहे हैं। लाहौल-स्पीति जिले की 31,564 आबादी को अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। इससे पहले जिले के लोग सर्दियों में सेहत के लिए चिंतित रहते थे। पट्टन घाटी की मंजू और संगीता ने बताया कि इससे पहले लाहौल-स्पीति जिले में मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए दूसरे जिले में करीब 5,000 रुपये खर्च करना पड़ते थे।
बर्फबारी के मौसम में यह दिक्कत और बढ़ जाती है। खासकर गर्भवती महिलाओं को ज्यादा परेशानी होती थी। उन्हें अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए पहले ही जिले से बाहर जाना पड़ता था। सीएमओ केलांग डॉ. रोशन लाल ने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल केलांग और नागरिक अस्पताल काजा में अल्ट्रासाउंड सेवाएं मिल रही हैं।