जिले में 6,528 हथियारों के लाइसेंस हुए हैं जारी, थानाें में होंगे जमा
चुनाव के लिए बनाई स्क्रीनिंग कमेटी, डीसी-एसपी होंगे सदस्य
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। लोकसभा चुनाव को लेकर स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता रविवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने की। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए एक स्क्रीनिंग कमेटी बनाई गई है, जिसमें उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक सदस्य हैं। कमेटी की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने तक लाइसेंसशुदा हथियारों की स्क्रीनिंग की जाएगी।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी की ओर से इसका पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अश्वनी कुमार ने कहा कि जिले में कुल 6,528 हथियारों के लाइसेंस जारी हुए हैं। इन्हें शत प्रतिशत संबंधित थानों में जमा करवा लिया जाएगा। निर्वाचन अपराध में लिप्त सभी अपराधियों के हथियारों को भी जमा करवाना सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने कहा कि जिले में निर्वाचन अपराध की संख्या शून्य है। चुनाव की घोषणा के साथ ही जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। अब किसी भी व्यक्ति को हथियार लाने और ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही नए लाइसेंस जारी करने पर भी प्रतिबंध रहेगा। अगर कोई लाइसेंसधारी व्यक्ति किसी भी प्रकार के खतरे को देखते हुए अपने पास हथियार रखने के लिए आवेदन करेगा तो स्क्रीनिंग कमेटी की ओर से ही इस पर निर्णय लिया जाएगा।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अगर कोई व्यक्ति अपने पास हथियार रखता है, तो उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह प्रतिबंध उन खिलाड़ियों पर लागू नहीं होगा, जो राष्ट्रीय राइफल एसोसिएशन के सदस्य हैं। निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के एक सप्ताह बाद तक हथियार जब्त रहेंगे। यह प्रतिबंध बैंक की कैश वैन की सुरक्षा और बैंक के कोष की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों पर लागू नहीं होगा। संवाद