सरकार ने रद्द किए क्षेत्रीय अस्पताल से डॉक्टरों के तबादला निर्देश
कैंसर और रक्त की कमी से पीड़ित जिले के मरीजों को मिली राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में कैंसर पीड़ित मरीजों की कीमोथेरेपी जारी रहेगी। मरीजों का कीमोथेरेपी से कुल्लू में ही उपचार होगा। ऐसे में मरीजों को आईजीएमसी शिमला और मेडिकल कॉलेजों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
हाल ही में क्षेत्रीय अस्पताल से तीन चिकित्सकों के तबादले के निर्देश जारी हुए थे। इनमें कीमोथेरेपी विशेषज्ञ चिकित्सक का नाम भी था। अस्पताल की ब्लड बैंक यूनिट का कार्यभार देख रहे चिकित्सक का भी तबादला हुआ था। इससे आपात स्थिति में रक्त संबंधी परेशानियों से भी मरीजों को जूझना पड़ रहा था। अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था।
इसके बाद अब सरकार ने मरीजों को राहत देते हुए तीन में दो चिकित्सकों के तबादला निर्देश रद्द कर दिए हैं। कीमोथेरेपी विशेषज्ञ डॉ. रीमा घई और ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. हीरा लाल ने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में दोबारा सेवाएं शुरू कर दीं हैं। इससे कैंसर पीड़ितों और आपात स्थिति में रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों को उपचार में सुविधा मिलेगी। गौर रहे कि क्षेत्रीय अस्पताल में कुल्लू समेत लाहौल-स्पीति, मंडी और पांगी के सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीज उपचार करवाने आते हैं। दोनों चिकित्सकों की सेवाएं दोबारा जारी होने से उपरोक्त क्षेत्रों के मरीजों को उपचार संबंधी सुविधा मिलेगी। अगर कीमोथेरेपी की बात करें तो माह में 40 से 45 मरीजों का उपचार कीमोथेरेपी से कुल्लू अस्पताल में हो रहा है, लेकिन चिकित्सक के तबादला निर्देश से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। अब निर्देश रद्द होने से मरीजों ने राहत की सांस ली है। उधर, इस संंबंध में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेश ने कहा कि सरकार ने दो चिकित्सकों डॉ. रीमा घई और डॉ. हीरा लाल बौध के तबादला निर्देश रद्द किए हैं।
मलखंब में उज्जैन फिर सिरमौर.... देशभर की 72 यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों में उज्जैन की टीम ने जीता