मनाली। पर्यटन नगरी मनाली के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल माता हिडिंबा मंदिर में अब श्रद्धालुओं और पर्यटकों के प्रवेश को लेकर नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत मंदिर के गर्भगृह अथवा मुख्य परिसर के भीतर आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालु और पर्यटक केवल मंदिर के मुख्य द्वार तक ही जा सकेंगे तथा वहीं से माता के दर्शन कर सकेंगे।
माता हिडिंबा मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु और पर्यटक दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अब तक उन्हें मंदिर के भीतर प्रवेश की अनुमति थी, लेकिन नई व्यवस्था के अनुसार मंदिर के मुख्य द्वार के अंदर किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
माता हिडिंबा के कारदार एवं पुजारी रमण शर्मा ने बताया कि माता के आदेशानुसार यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों का मंदिर के भीतर प्रवेश अब स्थायी रूप से वर्जित रहेगा। हालांकि, सभी को मंदिर के मुख्य द्वार तक जाने और वहीं से माता के दर्शन करने की अनुमति होगी। संवाद